LOADING...
डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगा टैरिफ घटाया, दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमत
अमेरिका और भारत ट्रेड डील के लिए सहमत

डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगा टैरिफ घटाया, दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमत

लेखन Manoj Panchal
Feb 02, 2026
10:58 pm

क्या है खबर?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अमेरिका और भारत एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमत हो गए हैं, जिससे दोनों देशों के बीच आपसी टैरिफ कम होंगे। ट्रंप ने यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर हुई बातचीत के बाद की। बता दें, अमेरिका ने पिछले साल भारतीय सामानों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया था, जिसे अब 18 प्रतिशत कर दिया गया है। हालांकि, भारत द्वारा रूसी तेल खरीदने पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ लगा रहेगा।

बयान 

वेनेजुएला से तेल खरीदेगा भारत

ट्रंप ने कहा, "आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करके मुझे बहुत सम्मान महसूस हुआ। वह मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं। हमने कई मुद्दों पर बात की, जिसमें व्यापार और रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करना शामिल है। वह रूसी तेल खरीदना बंद करने और संयुक्त राज्य अमेरिका और शायद, वेनेजुएला से बहुत ज्यादा तेल खरीदने पर सहमत हुए हैं।"

बयान 

25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत हुआ टैरिफ

ट्रंप ने आगे कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के साथ दोस्ती और सम्मान के नाते और उनके अनुरोध पर, तुरंत प्रभाव से, हम संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए, जिसके तहत संयुक्त राज्य अमेरिका पारस्परिक टैरिफ कम करेगा, इसे 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। वे भी इसी तरह संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को घटाकर शून्य कर देंगे।"

Advertisement

बयान 

भारत ने "बाय अमेरिकन" के लिए भी प्रतिबद्धता जताई- ट्रंप

ट्रंप ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने 500 करोड़ डॉलर से ज्यादा अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और कई अन्य उत्पादों के अलावा, बहुत बड़े स्तर पर "बाय अमेरिकन" के लिए भी प्रतिबद्धता जताई। भारत के साथ हमारे अद्भुत संबंध भविष्य में और भी मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री मोदी और मैं दो ऐसे लोग हैं जो काम पूरा करते हैं, जो ज्यादातर लोगों के बारे में नहीं कहा जा सकता। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद! राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रम्प।"

Advertisement

प्रतिक्रिया 

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप को कहा धन्यवाद

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज अपने दोस्त राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा। खुशी है कि अब 'मेड इन इंडिया' उत्पादों पर टैरिफ 18 प्रतिशत हो जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की तरफ से राष्ट्रपति ट्रंप को बहुत-बहुत धन्यवाद। जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र मिलकर काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को फायदा होता है और आपसी फायदे वाले सहयोग के लिए बहुत मौके खुलते हैं।"

जानकारी

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप के नेतृत्व को बताया जरुरी

प्रधानमंत्री ने कहा, "वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व जरूरी है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का समर्थन करता है। मैं अपनी साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।"

सम्भावना 

क्या हटेगा अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ?

अमेरिका रूसी तेल खरीदने की वजह से भारत पर लगाए गए अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ को भी हटा सकता है। हाल ही में अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने इसके संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था, "भारत पर लगाया गया हमारा 25 प्रतिशत टैरिफ एक बड़ी सफलता साबित हुआ है। रूस से तेल की भारतीय खरीद ठप हो गई है। टैरिफ अभी भी लागू है। मुझे लगता है कि अब इन्हें हटाने का रास्ता निकल सकता है।"

Advertisement