Page Loader
आगरा एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, अनियंत्रित बस नाले में गिरने से 29 की मौत, कई घायल

आगरा एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, अनियंत्रित बस नाले में गिरने से 29 की मौत, कई घायल

Jul 08, 2019
10:15 am

क्या है खबर?

यमुना एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है। लखनऊ से दिल्ली आ रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस पुल से 50 फीट नीले नाले में गिर गई। बस में 50 लोग सवार थे, जिनमें से 29 की मौत हो गई है और कई यात्री घायल हैं। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा एत्मादपुर थाना क्षेत्र में सुबह साढ़े चार बजे के करीब हुआ।

मुआवजा

मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान

अभी तक हादसे की वजह साफ नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि ड्राइवर को नींद आने की वजह से बस अनियंत्रित होकर आगरा के पास झरना नाले में गिरी है। हादसे का शिकार हुई बस का नंबर UP33 8T 5877 है। उत्तर प्रदेश रोडवेज ने हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है।

जानकारी

वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने के आदेश

उत्तर प्रदेश DGP ओपी सिंह ने राहत और बचाव कार्य के लिए जरूरी निर्देश देते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने को कहा है। घटना पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी संवेदना मृतकों के परिजनों के साथ है।

हेल्पलाइन नंबर

रोडवेज ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

इस डबल डेकर जनरथ बस में लगभग 50 लोग सवार थे। गाजीपुर रुट की इस बस को दिल्ली जाने वाले यात्रियों की अधिक संख्या देखकर दिल्ली भेजा गया था। यह बस रविवार रात को दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। हादसे के बाद रोडवेज ने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001802877 जारी किया है। RM के फोन नंबर 9412781886 पर भी सपर्क किया जा सकता है। उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव और ट्रांसपोर्ट कमिश्नर आगरा आ रहे हैं।

हादसा

कई घायलों की हालत गंभीर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस यमुना-एक्सप्रेस वे पर झरना नाले में गिर गई। उन्होंने बताया कि बचाव एवं राहत का काम जारी है। अभी तक 29 शव निकाल लिए गये हैं। उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। 15 से 20 घायलों को बस से निकाल कर अस्पताल भेज दिया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है।

ट्विटर पोस्ट

बचाव कार्य में लगे पुलिसकर्मी