दिल्ली में भगदड़ के बाद उत्तर प्रदेश के रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के लिए सख्ती
क्या है खबर?
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (NDLS) पर 15 फरवरी को मची भगदड़ के बाद उत्तर प्रदेश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सख्त कदम उठाए गए हैं।
रेलवे के अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) प्रकाश डी ने बताया कि प्रयागराज संगम स्टेशन को 26 फरवरी तक के लिए बंद कर दिया गया।
इसके अतिरिक्त अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, मिर्जापुर सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी भीड़ नियंत्रित करने के लिए सख्ती लागू है।
स्टेशनों पर पुलिस बल तैनात है और निगरानी की जा रही है।
सख्ती
अतिरिक्त यात्रियों के लिए व्यवस्था
प्रकाश डी ने बताया कि प्रयागराज में स्टेशन पर आने वाले अतिरिक्त यात्रियों को चिन्हित स्थानों पर रखा जा रहा है क्योंकि ट्रेनें सीमित हैं और भीड़ अधिक है।
रेलवे ने 8 स्टेशनों को देखते हुए 90 ठहराव जगह की पहचान की है। उन्होंने बताया कि जैसे- लखनऊ और अयोध्या के तीर्थयात्रियों के लिए फाफामऊ, गोरखपुर के लिए दीन दयाल उपाध्याय नगर और बिहार के लिए झूंसी को चिन्हित किया गया है।
इससे एक ही स्टेशन पर भीड़ कम होगी।
व्यवस्था
प्रदेश के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर व्यवस्था
वाराणसी के झूंसी और रामबाग स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए यात्रियों को सुरक्षित क्षेत्रों में रखा जा रहा है और प्रमुख जगह बैरियर लगे हैं।
अयोध्या में स्टेशनों पर अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार स्थापित किए गए हैं। यहां 300 से अधिक कर्मचारी तैनात हैं।
लखनऊ और कानपुर में अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। ट्रेन आने से पहले प्लेटफॉर्म बदलने को रोकने के लिए कहा गया है।
NDLS पर 26 फरवरी तक प्लेटफॉर्म टिकट नहीं मिलेंगे।
प्रयागराज
प्रयागराज में 20 तक स्कूल बंद, 27 तक अधिकारियों की छुट्टियां रद्द
माघी पूर्णिमा के बाद महाकुंभ में भीड़ थोड़ी कम हुई है, लेकिन स्टेशनों पर मारामारी है।
हालांकि, महाकुंभ क्षेत्र में वाहन निषेध मंगलवार तक बढ़ा दिया गया है। इसके अलावा शहर में कक्षा 8 तक के सभी हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के स्कूल 20 फरवरी तक बंद रहेंगे।
भीड़ प्रबंधन के लिए शहर में विशेष तौर से भेजे गए अधिकारियों की ड्यूटी 27 फरवरी तक बढ़ा दी गई है।
रेलवे ने प्रयागराज में 117 विशेष ट्रेनें चलाई हैं।
हादसा
दिल्ली के स्टेशन पर 18 की मौत
NDLS पर शनिवार रात करीब साढ़े 9 बजे भगदड़ मच गई। हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 14 महिलाएं और 3 बच्चे हैं। लगभग 25 लोग घायल हुए हैं।
मृतकों में बिहार के 9, दिल्ली के 8 और हरियाणा का एक व्यक्ति है।
पुलिस ने बताया कि संभवत: प्रयागराज नाम की 2 ट्रेनों के अनाउंसमेंट के कारण घटना हुई।
रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख और घायलों को 2.5 लाख रुपये मुआवजा दिया है।