मेडिकल सामानों पर 2841 प्रतिशत मुनाफा, नड्डा ने DOP को दिया जांच का आदेश
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने फार्मास्युटिकल्स विभाग (DOP) को यह जांचने का निर्देश दिया है कि आखिर क्यों कुछ अस्पताल आम मेडिकल सामानों पर 2,841 प्रतिशत तक ज्यादा कीमत वसूल रहे हैं। यह निर्देश एक रिपोर्ट के सामने आने के बाद दिया गया है। उस रिपोर्ट में बताया गया था कि आईवी सेट, सिरिंज, नेबुलाइजर ऑक्सीजन मास्क, कैथेटर, कैनुला एक्सटेंशन लाइन और फिल्टर जैसे कई मेडिकल सामानों पर भारी मुनाफा कमाया जा रहा है। इसी रिपोर्ट के बाद, महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन आयुक्त तुकाराम मुंधे ने इन चीजों की कीमतों की देशव्यापी समीक्षा की मांग की थी।
DOP करेगा मूल्य निर्धारण नियमों की समीक्षा
DOP इस समस्या को सुलझाने के लिए नए नियम बनाने की संभावना पर गौर कर रहा है। इसके लिए विभाग 2019 में कैंसर की दवाओं पर लगाई गई अधिकतम मूल्य सीमा जैसे पुराने प्रयासों की समीक्षा कर रहा है। DOP ने बड़े निजी अस्पतालों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की है, ताकि बिल बनाने और सामान खरीदने के तरीकों पर चर्चा हो सके। मुंधे का मानना है कि मरीजों को अनुचित राशि न चुकानी पड़े, इसके लिए मेडिकल सामानों की कीमतों की एक स्पष्ट सीमा तय होनी जरूरी है।