जयपुर-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार को एक भयानक सड़क हादसा हुआ। अनाज मंडी के पास एक 18-पहिया ट्रेलर अचानक बेकाबू हो गया और उसने 5 गाड़ियों को रौंद डाला।
इन गाड़ियों में कारें और बाइकें भी शामिल थीं। ट्रेलर ने एक पैदल यात्री को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
कई गाड़ियों को कुचलने के बाद, बेकाबू ट्रेलर आखिरकार एक बाइक पार्ट्स की दुकान के पास जाकर रुका।
मृतकों की हुई पहचान
इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान मुरलीपुरा निवासी 60 वर्षीय रमेश और फागी निवासी 40 वर्षीय हनुमान सहाय के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों में ट्रेलर चालक सुमन कुमार, बाइक सवार नवरंग राम और दीप सिंह रावत शामिल हैं। इन सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है। मौके पर मौजूद चश्मदीद विष्णु गर्ग ने बताया कि ट्रेलर इतनी तेजी से आ रहा था कि उसे संभालना मुश्किल था।