मुंबई: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ठाकरे बंधुओं का प्रदर्शन, कांग्रेस-NCP भी हुई शामिल
क्या है खबर?
शिवसेना (UBT) के उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के राज ठाकरे ने मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। 'विराट गर्जना मोर्चा' नामक इस मार्च में SIR में कथित अनियमितताओं को लेकर CEC ज्ञानेश के इस्तीफे की मांग की गई। इस दौरान MNS प्रमुख राज ठाकरे ने कहा कि वह 2017 से ही EVM और मतदाता सूचियों के जरिए 'वोट चोरी' के बारे में चेतावनी देते आ रहे हैं।
उद्धव का बयान
उद्धव बोले- तानाशाह को हटाने के लिए इकट्ठा हुए
उद्धव ठाकरे ने कहा कि CEC ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से नहीं की गई थी।
उन्होंने कहा, "हम आज यहां तानाशाह को सत्ता से हटाने के लिए खड़े हैं। पूरे देश में 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। बंगाल और तमिलनाडु में भी मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। पश्चिम बंगाल में अभी उपचुनाव हो रहा है और लोग वोट देने के अधिकार के लिए सुप्रीम कोर्ट गए हैं।"
राज का बयान
राज ठाकरे बोले- SIR प्रक्रिया को रद्द किया जाए
राज ठाकरे ने कहा, "हम भाजपा और उसके सहयोगियों को सत्ता में देखकर नाराज नहीं हैं। लेकिन हम उनके सत्ता में आने के तरीके और उसके दुरुपयोग के तरीके से नाराज हैं। एक ही व्यक्ति को वनों से लेकर परियोजना ठेकों तक सब कुछ मिल रहा है।"
राज ने 2 प्रमुख मांगें भी रखीं। पहली- पूरी SIR प्रक्रिया को रद्द किया जाए। और दूसरी- चुनावों के लिए EVM का इस्तेमाल बंद कर मतपत्रों के माध्यम से ही मतदान हो।
अन्य बयान
कांग्रेस और NCP(SP) भी हुई शामिल
कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) ने भी रैली का समर्थन किया।
कांग्रेस नेता बालासाहेब थोरात ने कहा, "राहुल गांधी पिछले कुछ वर्षों से चुनाव आयोग की मदद से भाजपा द्वारा वोट चोरी के आरोप लगा रहे हैं। 2 चुनाव आयुक्तों ने अब ज्ञानेश की अनियमितताओं का पर्दाफाश किया है।"
NCP-SP के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा के तानाशाही शासन को पहली हार का सामना करना पड़ेगा।
विवाद
क्या है ज्ञानेश कुमार से जुड़ा विवाद?
दरअसल, एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि 2 चुनाव आयुक्तों ने चुनाव आयोग के कई फैसलों पर आपत्ति जताई है।
इसके बाद से ज्ञानेश विपक्ष के निशाने पर हैं। उनके इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली मुंबई समेत कई शहरों में प्रदर्शन हो रहे हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियां ज्ञानेश के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं।