LOADING...
UAE में भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी, कहा- फोटो और वीडियो न बनाएं
UAE में भारतीय नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है

UAE में भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी, कहा- फोटो और वीडियो न बनाएं

Mar 08, 2026
01:12 pm

क्या है खबर?

इजरायल और अमेरिका के संयुक्त रूप से ईरान पर हमला करने के बाद मध्य-पूर्व में बिगड़े हालातों के बीच सरकार ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें भारतीय नागिरकों को ईरान के हमला करने के बाद घटनास्थल की फोटो खींचने या वीडियो बनाने के लिए मना किया गया है। इसी तरह उन फोटो और वीडियो को डिजिटल या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पब्लिश न करने की भी सलाह दी गई है।

एडवाइजरी

एडवाइजरी में क्या कहा गया है?

अबू धाबी में स्थित भारतीय दूतावास द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है, 'UAE अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि घटनास्थल या मना किए गए इलाकों या हवाई अड्डों के अंदर बिना इजाजत के वीडियो बनाने या फोटो खींचने वाले किसी भी शख्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपनी सुरक्षा पक्की करने और कानूनी नतीजों से बचने के लिए, सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे नीचे दी गई बातों का सख्ती से पालन करें।'

सलाह

दूतावास ने यह सलाह भी दी

दूतावास ने एडवाइजरी में कहा है, 'जब आप किसी भी तरह की चेतावनी का अलर्ट सुनें, तो तुरंत किसी सुरक्षित जगह पर चले जाएं और तब तक वहीं रहें जब तक आपके इलाके के लिए चेतावनी का अलर्ट हटा न दिया जाए। ऐसी स्थिति में किसी भी तरह से फोटो खींचने/वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए बाहर जाने की कोशिश न करें।' दूतावास ने वहां हुए किसी नुकसान की फोटो भी सोशल मीडिया पर साझा न करने को कहा गया है।

Advertisement

सूचना

दूतावास ने भारतीय नागरिकों से की खास अपील

दूतावास ने भारतीय नागरिकों से किसी भी संदिग्ध चीज की तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की भी अपील की है। इससे वे स्थिति को सुरक्षित और तेजी से संभाल सकेंगे। उन्होंने हवाई अड्डे पर फोटो खींचने या वीडियो रिकॉर्ड न करने की भी सलाह दी है। सभी भारतीय नागरिकों को UAE अधिकारियों की तरफ से जारी किए गए स्थानीय कानूनों और सुरक्षा गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करना चाहिए। इससे वह परेशानी से बच सकेंगे।

Advertisement

कारण

दूतावास ने क्यों जारी की एडवाइजरी?

दरअसल, ईरान के हमलों के कारण लोगों में दहशत है। वहां फंसे विदेशी यात्री घटनास्थल की फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं। इसके साथ ही हवाई अड्डों पर फंसे यात्रियों की भी कई फोटो और वीडियो सामने आए हैं। इससे UAE जाने की योजना बना रहे लोगों में डर बढ़ गया है। ऐसे में UAE सरकार ने अफवाहों को फैलने से रोकने और लोगों को डर को खत्म करने के लिए यह कदम उठाया है।

Advertisement