जम्मू-कश्मीर के शोपियां में मुठभेड़, लश्कर के 2 आतंकी मारे जाने की खबर
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षा बलों और जवानों के बीच बीती शाम से मुठभेड़ चल रही है। खबर है कि यहां 2 आतंकी मारे गए हैं। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हुए हैं। दरअसल, 3 जुलाई की दोपहर को सेना के एक निगरानी कैमरे में मीमंदर क्षेत्र में 2 आतंकवादियों की गतिविधियों का पता चला था, जिसके बाद ये अभियान शुरू किया गया।
मुठभेड़
सेना ने गांवों को खाली कराया, बाग में घिरे आतंकी
सूचना मिलते ही सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने तुरंत इलाके को घेर लिया और 4 गांवों को खाली कराया गया। आतंकियों को एक बाग में घेर लिया गया। अभियान को मजबूत करने के लिए सेना की विशेष आतंकवाद-विरोधी टुकड़ी विक्टर फोर्स ने बाग के चारों ओर अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया। इलाके में रोशनी की व्यवस्था का इंतजाम किया गया और सभी संभावित भागने के रास्तों को बंद कर दिया।
आतंकी
आतंकियों के बारे में क्या पता है?
आतंकवादियों की पहचान लतीफ भट और जाकिर अहमद गनी के रूप में हुई है। रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों कुलगाम जिले के रहने वाले हैं। माना जाता है कि जाकिर 2024 में लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था, जबकि लतीफ पिछले साल संगठन से जुड़ा। जाकिर का नाम उन 14 आतंकियों की सूची में भी था, जिसे पहलगाम हमले के बाद खुफिया एजेंसियों ने जारी किया था। जाकिर का नाम पहले भी कई हमलों में सामने आया था।