बिहार: गया हवाई अड्डे पर 10 करोड़ रुपये कीमत के गांजे के साथ 2 गिरफ्तार
देश
बिहार के गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को पंजाब के 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कस्टम और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की एक संयुक्त टीम ने उनके बैग से 10 किलो गांजा पकड़ा, जिसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। ये दोनों थाईलैंड के चियांग माई से एक उड़ान से आए थे। हवाई अड्डे पर सुरक्षा कर्मियों को एक्स-रे जांच के दौरान उनके सामान में कुछ गड़बड़ लगी, जिसके बाद उन्हें रोका गया।
थाईलैंड ट्रिप के बाकी सदस्यों से भी पूछताछ
पता चला है कि ये दोनों थाईलैंड की ग्रुप ट्रिप पर 4 और लोगों के साथ यात्रा कर रहे थे। बाकी के 4 लोग अभी तक भारत नहीं पहुंचे हैं और वे भी अब जांच के दायरे में आ गए हैं। अधिकारी सभी के बैकग्राउंड की जांच कर रहे हैं क्योंकि वे भारतीय हवाई अड्डे के जरिए होने वाली ड्रग्स तस्करी पर लगाम लगाना चाहते हैं।