ओडिशा: सड़क पर आ गया भालू, जान बचाने भागे साइकिल सवार नाले में गिरे
देश
ओडिशा के बालासोर जिले में 2 साइकिल सवारों को एक जंगली भालू से सामना करना पड़ा। नीलगिरी मार्केट से अपने घर लौटते समय राहुल और संतोष सिंह नाम के ये दोनों जैसे ही भालू के सामने आए, वे डरकर भागने लगे। इसी हड़बड़ी में दोनों सड़क किनारे बने नाले में गिर गए। अच्छी बात यह रही कि उन्हें बस हल्की चोटें आईं, लेकिन इस घटना से इलाके के लोग काफी सहम गए हैं।
वन विभाग को सूचना दी गई, वीडियो वायरल हुआ
भालू जंगल की ओर भाग निकला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को खबर की। विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि वे अब इस इलाके पर पैनी नजर रखेंगे, ताकि आगे ऐसी कोई घटना न हो। इस हमले का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद यह सवाल फिर से उठ खड़ा हुआ है कि आजकल जानवर भोजन और रहने की जगह की तलाश में आबादी वाले इलाकों में क्यों आ रहे हैं।