Page Loader
जम्मू-कश्मीर के रामबन में ढही निर्माणाधीन सुरंग, मलबे से अब तक 9 शव बरामद
जम्मू-कश्मीर के रामबन में ढही निर्माणाधीन सुरंग, मलबे से अब तक 9 शव बरामद।

जम्मू-कश्मीर के रामबन में ढही निर्माणाधीन सुरंग, मलबे से अब तक 9 शव बरामद

May 21, 2022
07:23 pm

क्या है खबर?

जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार रात ढहे निर्माणाधीन सुरंग के एक हिस्से की घटना में मलबे से अब तक नौ लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। बता दें कि हादसे में शुक्रवार को तीन लोगों के घायल होने और 10 लोगों के मलबे में फंसने की सूचना मिली थी। उसके बाद पुलिस, सेना और आपदा प्रतिक्रिया बलों ने बचाव अभियान शुरू किया था।

हादसा

गुरुवार रात को ढहा था सुरंग का हिस्सा- SP

रामबन की पुलिस अधीक्षक (SP) मोहिता शर्मा ने बताया कि खूनी नाला के पास हाईवे पर T-3 सुरंग का गुरुवार रात करीब 10:15 बजे काम शुरू होते ही एक हिस्सा गिर गया था। इसमें तीन लोग घायल हो गए थे और 10 लोगों के मलबे में दबने की सूचना थी। उन्होंने बताया कि घटना के तत्काल बाद बचाव कार्य शुरू करा दिया गया था, लेकिन खराब मौसम में भूस्खलन होने से पत्थरों के गिरने पर उसे रोकना पड़ा था।

परेशानी

17 घंटे तक रोकना पड़ा बचाव कार्य

SP शर्मा ने बताया कि सुरंग के पास भूस्खलन के कारण आए मलबे के चलते बचाव कार्य को 17 घंटों के लिए रोकना पड़ा था। इसमें मशीनें भी फंस गई थी। उन्होंने बताया शनिवार को पुलिस, सेना, SDRF और NDRF की मदद बचाव कार्य फिर से शुरू किया गया। इसके बाद पहले पश्चिम बंगाल के एक मजदूर का शव बरामद किया। इसके बाद शाम तक कुल आठ और शव बरामद कर लिए गए। एक अन्य मजदूर की तलाश जारी है।

मौत

पश्चिम बंगाल से है सबसे अधिक मृतक

SP शर्मा ने बताया कि सुरंग के ढहने से पश्चिम बंगाल निवासी जादव रॉय (23), गौतम रॉय (22), सुधीर रॉय (31), दीपक रॉय (33) और परिमल रॉय (38), जम्मू-कश्मीर निवासी मुजफ्फर (38) और इसरत (30), असम निवासी शिव चौहान (26) और नेपाल निवासी नवराज चौधरी (26) और कुशी राम (25) मलबे में फंस गए थे। उन्होंने बताया कि इनमें से नौ मजदूरों के शव निकाल लिए है और एक की तलाश जारी है।

जानकारी

भूस्खलन की चपेट में आने से बचे 15 बचावकर्मी

SP शर्मा ने बताया कि गुरुवार रात को बचाव कार्य शुरू करते ही पास में भूस्खलन हो गया था। उस दौरान मौके पर रामसू पुलिस थानाप्रभारी नईम-उल-हक सहित 15 बचावकर्मियों ने मौके से भागकर मलबे की चपेट में आने से खुद को बचा लिया।

कार्रवाई

निर्माण कंपनी के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज

SP शर्मा ने बताया कि इस घटना में प्रथम दृष्टया सुरंग का निर्माण करने वाली कंपनी सरला कंस्ट्रक्शन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। सुरंग साइट पर तैनात अधिकारियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद संभागीय आयुक्त रमेश कुमार और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) मुकेश सिंह ने घटनास्थल का दौरा कर बचाव कार्य का जायजा लिया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नियंत्रण कक्ष से स्थिति पर नजर रखी है।