Page Loader
दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली त्रिपुरा की छात्रा का शव यमुना से बरामद, क्या है मामला?
दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली त्रिपुरा की छात्रा का शव यमुना नदी में मिला

दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली त्रिपुरा की छात्रा का शव यमुना से बरामद, क्या है मामला?

लेखन गजेंद्र
Jul 14, 2025
09:25 am

क्या है खबर?

दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में पढ़ने वाली 19 वर्षीय स्नेहा देबनाथ का शव रविवार शाम को यमुना नदी से बरामद हुआ है। वह त्रिपुरा की रहने वाली थी। स्नेहा आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज में BSc गणित द्वितीय वर्ष की छात्रा थीं और दिल्ली के पर्यावरण कॉम्प्लेक्स में रहती थीं। वह 7 जुलाई को लापता हुई थी। रविवार को 6 दिन बाद उसका शव पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास नदी से बरामद हुआ।

आत्महत्या

क्या है मामला?

स्नेहा की बड़ी बहन बिपाशा ने बताया कि 7 जुलाई की सुबह स्नेहा ने मां पिंकी देबनाथ को बताया था कि वह अपनी दोस्त पितुनिया को सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रही है। स्नेहा ने सुभे चंद्रा की टैक्सी ली और सुबह 5:15 बजे घर से निकल गई। जब परिवार ने 8:45 बजे उसे फोन किया, तो वह बंद था। इसके बाद बिपाशा ने पितुनिया को फोन किया, तो उसने बताया कि वह स्नेहा से नहीं मिली।

आशंका

6 दिन बाद कैसे मिला शव?

बिपाशा ने पितुनिया से कैब चालक चंद्रा का नंबर लेकर उससे बात की तो उसने बताया कि स्नेहा को सिग्नेचर ब्रिज पर छोड़ा था। इसके बाद परिवार ने पुलिस के पास गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच की तो स्नेहा के मोबाइल की अंतिम लोकेशन सिग्नेचर ब्रिज के पास मिली। इसके बाद दिल्ली पुलिस और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने निगम बोध घाट से नोएडा तक 7 किलोमीटर के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया।

जांच

मौत का क्या है कारण?

पुलिस ने बताया कि बड़ा अभियान चलाने के बाद एक लड़की का शव गीता कॉलोनी के पास नदी से मिला, जिसके कपड़े और अन्य चीजों से स्नेहा की पहचान हुई। पुलिस संभावना जता रही है कि यमुना का प्रवाह तेज होने से वह बहकर आई होगी। हालांकि, परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। लापता होने की सुबह स्नेहा ने ईमेल और मोबाइल संदेश से अपने करीबी दोस्तों और परिवार को बताया था कि वह भावनात्मक रूप से परेशान है।

जांच

कई दिनों से परेशान थी स्नेहा

स्नेहा पिता एक सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर हैं, जो डायलिसिस पर हैं। उन्होंने बताया कि स्नेहा ने 4 महीने से कोई पैसा नहीं निकाला था। उसकी दोस्तों ने बताया कि पिछले काफी दिनों से स्नेहा गुमसुम और परेशान थी। स्नेहा के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें कूदकर जान देने की बात है। पुलिस ने फॉरेंसिंक जांच शुरू कर दी है। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य पुलिस को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय को कहा है।