Page Loader
पश्चिम बंगाल: नंदीग्राम में TMC-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े; एक की मौत, 7 घायल
नंदीग्राम में हिंसा में एक कार्यकर्ता की मौत हो गई है

पश्चिम बंगाल: नंदीग्राम में TMC-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े; एक की मौत, 7 घायल

लेखन आबिद खान
May 23, 2024
03:03 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव के छठे चरण से पहले पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में हिंसा भड़क गई है। यहां तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प में एक महिला कार्यकर्ता की मौत हो गई है। कम से कम 7 लोग घायल बताए जा रहे हैं। विरोध प्रदर्शन कर रहे उपद्रवियों को रोकने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज भी किया है। कई जगहों पर आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं।

मौत

भाजपा की महिला कार्यकर्ता की मौत

भाजपा का कहना है कि चुनावों के चलते महिला कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय भाजपा समर्थक असामाजिक तत्वों की जांच करने के लिए रात्रि गश्त करते हैं। आज सुबह जब भाजपा कार्यकर्ता इसी तरह की गश्त कर रहे थे तो अज्ञात बदमाश मोटरसाइकिल से पहुंचे और गश्त कर रही टीम पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें रथीबाला नाम की महिला की मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए।

बल

इलाके में भारी बल तैनात

घटना के विरोध में भाजपा ने आज मार्च निकाला था। इस दौरान कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज भी किया है। भाजपा ने आज 12 घंटे के लिए नंदीग्राम बंद का आह्वान किया है और सड़कों को बंद कर दिया है। नंदीग्राम के पुलिस स्टेशन के सामने भी भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।

TMC

TMC बोली- भाजपा की आपसी लड़ाई

TMC ने भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों से सिरे से नकार दिया है और कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच आंतरिक प्रतिद्वंद्विता के कारण झड़प हुई है। नंदीग्राम के TMC नेता स्वदेश दास ने कहा, "कुछ पारिवारिक विवाद थे, हो सकता है इसी वजह से महिला की हत्या की गई है।" TMC नेता शेख सूफियान ने कहा, "यह भाजपा की आपसी कलह है। इससे TMC का कुछ लेना देना नहीं है।"

चुनाव

चुनाव आयोग ने मांगी रिपोर्ट

चुनाव आयोग ने घटना पर अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। बता दें कि नंदीग्राम तमलुक लोकसभा क्षेत्र में आता है, जहां 25 मई को छठे चरण में मतदान होना है। तमलुक लोकसभा में तमलुक, पंसकुरा पुरबा, नंदकुमार, महिसादल, मोयना, हल्दिया और नंदीग्राम सहित 7 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। TMC ने यहां से वर्तमान सांसद दिव्येंदु अधिकारी का टिकट काटकर देबांशु भट्टाचार्य को मैदान में उतारा है। उनके सामने भाजपा के अभिजीत गंगोपाध्याय हैं।