तिरुमाला में पिछले महीने 12 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाल दान
तिरुमाला के कल्याणाकट्टा मुंडन केंद्र ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। मई की 1 तारीख से लेकर 27 तारीख तक यहां 12.43 लाख से भी ज्यादा श्रद्धालुओं ने अपने बाल दान किए हैं। यह पिछले साल के आंकड़ों से काफी ज्यादा है। इन दिनों यहां इतनी भीड़ रही कि रोजाना 50,000 से ज्यादा भक्त अपनी बारी का इंतजार करते लाइन में खड़े दिखाई दिए। भक्तों ने अपनी आस्था और पुरानी परंपरा को निभाते हुए बाल दान किए।
बाल बेचकर होती है 150 करोड़ रुपये की कमाए
दान किए गए इन बालों को 'काला सोना' कहा जाता है। इनकी अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में बिक्री करके मंदिर ट्रस्ट (टीटीडी) हर साल 130 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाता है। बड़ी संख्या में पहुंचने वाले भक्तों की भीड़ को संभालने और व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए टीटीडी ने कई कदम उठाए। उन्होंने 1,000 से ज्यादा नाई नियुक्त किए, जिनमें लगभग 270 महिला नाई भी शामिल हैं। इसके साथ ही, अतिरिक्त केंद्र भी बनाए गए। श्रद्धालुओं को ज्यादा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए टोकन सिस्टम शुरू किया गया, गर्म पानी का इंतजाम किया गया और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की गई। गर्मियों के इस व्यस्त मौसम में स्वच्छता का भी खास ध्यान रखा गया। ब्लेड को बार-बार कीटाणुरहित किया गया और मुंडन के बाद चंदन का लेप लगाने की व्यवस्था भी की गई।