तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा 13 साल बाद सिक्किम की यात्रा पर पहुंचे, मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
क्या है खबर?
तिब्बती धर्मगुरु और 14वें दलाई लामा तेनजिन ग्यात्सो (87) 13 साल बाद अपनी 3 दिवसीय यात्रा पर सोमवार सुबह सिक्किम पहुंच गए।
दलाई लामा सोमवार सुबह 10ः30 बजे पूर्वी सिक्किम में लिबिंग सैन्य हेलीपैड पर उतरे, जहां मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने उनका स्वागत किया।
प्रवास के दौरान लामा 'बोधिसत्व के 37 अभ्यास' पर उपदेश देंगे। उनकी झलक पाने के लिए सैकड़ों लोग देवराली से जीरो प्वॉइंट तक राजमार्ग के दोनों ओर कतार में खड़े थे।
कार्यक्रम
भारत-चीन सीमा से 50 किलोमीटर दूर हो रहा कार्यक्रम
दलाई लामा मंगलवार को नाथुला में भारत-चीन सीमा से करीब 50 किलोमीटर दूर पलजोर स्टेडियम में उपदेश देंगे। इस दौरान करीब 40,000 श्रद्धालु स्टेडियम में मौजूद रहेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि दलाई लामा रुमटेक में करमापा पार्क परियोजना के साथ-साथ गंगटोक के सिमिक खामडोंग निर्वाचन क्षेत्र में ग्यालवा ल्हात्सुन चेनपो प्रतिमा की आधारशिला भी रखेंगे।
इसके बाद दलाई लामा 14 अक्टूबर गुरुवार सुबह गंगटोक से पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी के सालुगाड़ा के लिए रवाना हो जाएंगे।
दौरा
2010 में सिक्किम आए थे दलाई लामा
दलाई लामा ने इससे पहले आखिरी बार वर्ष 2010 में सिक्किम का दौरा किया था। इस साल अक्टूबर में भी सिक्किम में उनकी यात्रा प्रस्तावित थी, लेकिन बाढ़ के कारण उसे रद्द कर दिया।
सिक्किम में अक्टूबर में अचानक भारी बारिश के कारण आई बाढ़ की वजह से कई लोगों की जान चली गई थी और हजारों लोग विस्थापित हुए थे। साथ ही संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए थे।
उनकी यात्रा को लेकर राज्य सरकार ने काफी तैयारी की थी।