कार चेकिंग से खुला MDMA नेटवर्क का राज, थ्रिसूर में 308 ग्राम ड्रग्स के साथ 7 दबोचे
थ्रिसूर से एक बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस ने 7 लोगों को MDMA रखने और छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दरअसल, यह मामला तब सामने आया जब पुलिस ने पालक्काड के एक रिसॉर्ट से आ रही एक कार को रोका। कार में बैठे एक यात्री के पास से उन्हें 2 ग्राम MDMA मिला। इस शुरुआती बरामदगी के बाद पुलिस को और सुराग मिलते गए, जिसके आधार पर आगे कई जगहों पर छापेमारी की गई।
पुलिस ने 308 ग्राम MDMA जब्त किया
पहले 4 आरोपियों - शिफास, विद्या, जिष्णु और श्रीलक्ष्मी से पुलिस ने पूछताछ की। ये सभी गुरुवायूर-परावट्टी के रहने वाले हैं। उनकी निशानदेही पर पुलिस शिफास के घर पहुंची, जहां से 18 ग्राम MDMA बरामद हुआ। इसके बाद चावक्कड़ स्थित एक एल्युमीनियम फैक्टरी में छापेमारी की गई और वहां छिपाकर रखा गया 288 ग्राम MDMA भी जब्त कर लिया गया।
फोन कॉल रिकॉर्ड और अन्य सबूतों के आधार पर, पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े 3 और लोगों- शब्बीर, अनशाद और टीटी सुमेष को भी धर दबोचा। इस तरह, पुलिस ने कुल 308 ग्राम MDMA जब्त किया है। थ्रिसूर में हाल के समय में हुई यह MDMA की सबसे बड़ी बरामदगी में से एक मानी जा रही है।