तमिलनाडु: चोरों ने ICICI के ATM को गैस कटर से काटकर उड़ाए 9 लाख रुपये, CCTV पर किया स्प्रे
तमिलनाडु के कांचीपुरम में ICICI बैंक के एक ATM को निशाना बनाते हुए शातिर चोरों ने सेंध लगाई और 9 लाख रुपये उड़ा ले गए। पुलिस को शक है कि चोरों ने कैश बॉक्स तोड़ने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया। इस दौरान मशीन बुरी तरह जल गई। यह ATM एक सुनसान इलाके में था। शायद यही वजह रही कि चोरों को वारदात को अंजाम देने में आसानी हुई और किसी को भनक भी नहीं लगी।
पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है, स्प्रे करने की भी जांच
पुलिस का कहना है कि लुटेरों ने अपनी पहचान छिपाने और रिकॉर्डिंग से बचने के लिए ATM के CCTV कैमरे पर स्प्रे कर दिया था। पुलिस अब घटनास्थल पर सबूत इकट्ठा कर रही है और चोरों का पता लगाने के लिए आसपास के कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस ATM में कोई सुरक्षा गार्ड या अलार्म सिस्टम लगा हुआ था। एक सुनसान जगह पर ATM की सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कई सवाल खड़े करती है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि वे इस मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं और जल्द ही दोषियों को पकड़ लेंगे।