तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी
तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में रहने वालों के लिए यह एक जरूरी खबर है। मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। कुछ जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, इसलिए लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने साथ छाता जरूर रखें। हैदराबाद, विशाखापट्टनम और वारंगल जैसे बड़े शहरों में बादल छाए रहेंगे और बारिश होने की पूरी उम्मीद है।
हैदराबाद, वारंगल, विशाखापट्टनम में कैसा रहेगा तापमान?
IMD ने हैदराबाद, वारंगल और विशाखापट्टनम के तापमान को लेकर भी पूर्वानुमान जारी किया है। हैदराबाद में तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है और मौसम हवादार बना रहेगा। वहीं, वारंगल में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जहां हवा में नमी करीब 70 प्रतिशत रहेगी।
विशाखापट्टनम में भी तापमान 27 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। यहां बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने सभी लोगों को सलाह दी है कि वे मौसम से जुड़ी ताज़ा जानकारी पर नजर बनाए रखें और यदि बहुत जरूरी न हो तो घर से बाहर निकलने से बचें। विभाग ने यह भी बताया कि कुछ अलग-थलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है, जिसके मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी कर ली है।