बेंगलुरु: मर्सिडीज सवार की गुंडागर्दी, बाइक सवार को दिया धक्का
बेंगलुरु का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक मर्सिडीज कार में बैठे यात्री ने बाइक सवार को धक्का देकर उसकी मोटरसाइकिल से नीचे गिरा दिया। यह घटना इंदिरानगर के एक ट्रैफिक सिग्नल पर हुई, जहाँ दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। दरअसल, ट्रैफिक सिग्नल पर लाल बत्ती होने पर बाइक सवार बीच से निकलने की कोशिश कर रहा था और लगातार हॉर्न बजा रहा था। इसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत हाथापाई तक आ गई।
लोगों ने किया बीच-बचाव
आसपास खड़े लोगों ने तुरंत मामले में दखल दिया और स्थिति को शांत कराया। इस हंगामे में दूसरी कार को जो नुकसान हुआ था, उसकी भरपाई करने की पेशकश भी मर्सिडीज के ड्राइवर ने की। सोशल मीडिया पर कई लोग इस तरह की हिंसा की कड़ी निंदा कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करने वाले लक्ष्मण नाइक ने कहा कि लोगों को सड़क पर होने वाली ऐसी गुंडागर्दी के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए।