संसदीय समिति ने आयुष्मान भारत योजना में कवर की राशि को 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये का दिया प्रस्ताव
एक प्रमुख संसदीय समिति ने आयुष्मान भारत (PM-JAY) स्वास्थ्य बीमा कवर को बढ़ाकर 5 लाख रुपये से 10 लाख रुपये प्रति परिवार करने का प्रस्ताव रखा है। समिति ने बताया कि मौजूदा 5 लाख रुपये की रकम लिवर ट्रांसप्लांट या गंभीर कैंसर के इलाज जैसे महंगे उपचारों के लिए काफी नहीं होती। ऐसे में लोगों को अपनी जेब से भारी-भरकम बिल चुकाने पड़ते हैं।
समिति ने की साझा फंडिंग और 6 घंटे में इलाज की मंजूरी की सिफारिश
इस योजना को टिकाऊ बनाने के लिए समिति ने फंडिंग के नए तरीके सुझाए हैं, जिसमें संसाधनों को पूल करना और राज्यों के साथ मिलकर काम करना शामिल है। समिति ने यह भी कहा है कि अस्पतालों को कैशलेस इलाज के लिए छह घंटे के भीतर मंजूरी देनी होगी। इसमें देरी होने पर उन पर जुर्माना लगाया जाना चाहिए। इसके अलावा, हर पात्र व्यक्ति को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है, खासकर दूर-दराज के इलाकों में। योजना शुरू होने के बाद से अब तक 43 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं और 11 करोड़ से ज़्यादा मरीजों के अस्पताल में भर्ती होने का खर्च उठाया गया है।