प्रोजेक्ट लायन का दिखा असर, भारत में 891 के पार पहुंची एशियाई शेरों की संख्या
वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर है। भारत के एशियाई शेरों की संख्या 2015 के 523 से बढ़कर 2025 में 891 तक पहुंच गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2020 में 'प्रोजेक्ट लायन' शुरू किया था। इस प्रोजेक्ट ने शेरों को एक बड़े इलाके में फैलने में भी मदद दी है। उनका इलाका 30,000 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर करीब 35,000 वर्ग किलोमीटर हो गया है।
प्रोजेक्ट लायन ने गिर में संरक्षण प्रयासों को दी मजबूती
प्रोजेक्ट लायन सिर्फ संख्या बढ़ाने का काम नहीं करता, बल्कि यह गुजरात के गिर इलाके में शेरों की हिफाजत के लिए एक मजबूत पहल है। इस प्रोजेक्ट का ध्यान आवास सुधारने, बीमारियों पर नजर रखने और ट्रैकिंग के लिए तकनीक का इस्तेमाल करने पर है। साथ ही यह स्थानीय समुदायों को भी इसमें शामिल करता है ताकि इंसान और शेर बेहतर तालमेल के साथ एक-दूसरे के करीब रह सकें। पर्यावरण राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि ये कोशिशें दिखाती हैं कि भारत आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षण और टिकाऊ विकास, दोनों के प्रति कितना प्रतिबद्ध है।