आयुर्वेदिक कंपनियों पर FDA का चाबुक, 10 के लाइसेंस रद्द
महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पुणे, बारामती और नासिक की 10 आयुर्वेदिक दवा कंपनियों के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। यह बड़ी कार्रवाई एक खास जांच अभियान के बाद की गई है। कुल 434 फैक्ट्रियों की जांच हुई थी, जिनमें से 10 के लाइसेंस तो रद्द कर दिए गए हैं। वहीं, 135 दूसरी कंपनियों को नियमों का पालन न करने के लिए नोटिस भेजा गया है। अब इन कंपनियों को अपनी सफाई देनी होगी।
जांच में कमियों पर तुकाराम मुंडे की चेतावनी
जांच करने वाली टीम को इन फैक्ट्रियों में कई गंभीर कमियां मिलीं। कई जगह तो काबिल कर्मचारी ही नहीं थे। क्वालिटी कंट्रोल लैब भी या तो खराब हालत में मिले या बिल्कुल थे ही नहीं।
इसके अलावा, फैक्ट्रियों में साफ-सफाई की कमी दिखी और रिकॉर्ड भी अधूरे पाए गए। दवाइयों के पैकेटों पर गलत तारीखें लिखी हुई थीं और दवाओं को आपस में मिलने से रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम भी नहीं थे।
FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे ने जोर देकर कहा कि ये मानक लोगों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने यह भी चेताया कि जो कंपनियां इन नियमों को अनदेखा करेंगी, उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा।