केरलम में 1 जनवरी, 2027 से ऑटो और टैक्सी में सफर करना थोड़ा महंगा हो जाएगा। राज्य सरकार और ऑटो-टैक्सी यूनियनों के बीच हुए एक समझौते के बाद गुरुवार को होने वाली 24 घंटे की हड़ताल को रद्द कर दिया गया है। इसी के साथ अब किराया बढ़ने का रास्ता भी खुल गया है।
केरल आयोग 30 से 50 रुपये किराया बढ़ोतरी पर करेगा विचार
यूनियनों की मांग है कि न्यूनतम किराया 30 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये किया जाए। इस मांग पर एक कमीशन गौर करेगा और फिर नई दरों की सिफारिश करेगा। सरकार ने इसके अलावा कई और मांगें मानने पर भी सहमति दी है। इनमें ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) की सुविधा देना शामिल है। साथ ही होटलों और दूसरी जगहों पर चालकों के लिए आराम करने की सुविधा बनाने के प्रस्ताव पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा। यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है कि दोपहिया टैक्सी सही पीले नंबर प्लेट के साथ नियमों का पालन करें। यह सारे कदम केरल में चालकों और यात्रियों दोनों के लिए बेहतर माहौल बनाने की दिशा में उठाए जा रहे हैं।