केरलम की एक अदालत ने 2023 में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में मंदिर के पुजारी सोमन को 16 साल कैद की सजा सुनाई है। नादापुरम फास्ट-ट्रैक पॉक्सो कोर्ट के जज देवन के मेनन ने यह फैसला सुनाया।
अदालत ने दोषी पुजारी पर डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह वारदात कुट्टियाडी के पास हुई थी।
पुजारी ने ताबीज के बहाने नाबालिग को फंसाया
पुजारी सोमन ने स्वास्थ्य और पढ़ाई में अच्छे नतीजे के लिए ताबीज देने का बहाना बनाकर लड़की को अपने जाल में फंसाया। वह उसके घर में घुसा और फिर झूठा दावा किया कि इस ताबीज को असरदार बनाने के लिए कुछ आपत्तिजनक कृत्य करने होंगे।
जब लड़की के परिवार को इस बारे में पता चला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद लड़की को मेडिकल सहायता दी गई और पुलिस ने अपनी जांच पड़ताल के बाद सोमन को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में 24 गवाहों की गवाही और पुख्ता सबूतों के आधार पर सोमन को दोषी ठहराया गया।