दिल्ली में तपती रात, 12 साल का रिकॉर्ड टूटा; IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
देश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में रात का तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह इस समय के सामान्य तापमान से करीब 5 डिग्री ज्यादा है। मई में ऐसी गर्म रात 2012 के बाद पहली बार दर्ज की गई है। उस साल यानी 2012 में भी न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
IMD ने दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया
दिल्ली के बाकी इलाकों में भी गर्मी का कहर जारी रहा। लोधी रोड पर तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा दर्ज हुआ, और पालम में भी पारा काफी ऊपर रहा। एक हफ्ते से चल रही लू को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि दिन का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, एक अच्छी खबर भी है कि गुरुवार सुबह दिल्ली की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही, जिसका वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 153 था।