गूगल में आएगा एंड्रॉयड हेलो फीचर, क्या करेगा यह काम?
क्या है खबर?
गूगल ने 19 मई को अपने I/O इवेंट में एंड्रॉयड हेलो नाम के नए फीचर की झलक दिखाई। यह फीचर एंड्रॉयड 17 के साथ इस साल के आखिर में आ सकता है। एंड्रॉयड हेलो फोन की स्क्रीन के ऊपर एक छोटा स्टेटस इंडिकेटर दिखाएगा। इसका काम यूजर को यह बताना होगा कि कोई AI एजेंट फोन में रियल टाइम में काम कर रहा है। इससे यूजर को AI गतिविधियों की जानकारी आसानी से मिल सकेगी और अनुभव बेहतर होगा।
सिस्टम
AI टास्क की जानकारी देगा नया सिस्टम
गूगल के अनुसार, एंड्रॉयड हेलो तब दिखाई देगा जब जेमिनी कोई काम पूरा कर रहा होगा, लाइव मोड में होगा या यूजर को कोई अपडेट भेज रहा होगा। कंपनी ने टीजर वीडियो में दिखाया कि स्क्रीन के कोने में चमकता हुआ छोटा सर्कल दिखाई देगा। बाद में यह जेमिनी के खास चिन्ह में बदल जाएगा। इसे प्रोग्रेस इंडिकेटर और स्टेटस अलर्ट की तरह इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि यूजर को पता चलता रहे कि AI बैकग्राउंड में क्या कर रहा है।
काम
जेमिनी स्पार्क के साथ करेगा काम
एंड्रॉयड हेलो को गूगल के जेमिनी स्पार्क सिस्टम के साथ जोड़ा जाएगा। यह सिस्टम AI एजेंट्स को अलग-अलग काम करने में मदद करेगा। हेलो इस दौरान विजुअल संकेत देकर यूजर को जानकारी देता रहेगा। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि यह फीचर सिर्फ पिक्सल फोन में मिलेगा या सभी एंड्रॉयड 17 डिवाइस में आएगा। गूगल ने कहा है कि एंड्रॉयड हेलो सपोर्टेड AI एजेंट्स के साथ काम करेगा और कुछ एडवांस डिवाइस में ज्यादा सुविधाएं भी मिल सकती हैं।
अन्य
AI को ज्यादा भरोसेमंद बनाने की कोशिश
गूगल का कहना है कि एंड्रॉयड हेलो का मकसद AI फीचर्स को ज्यादा पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना है। कंपनी चाहती है कि यूजर को साफ दिखे कि AI उनके फोन में कब और क्या काम कर रहा है। इससे AI का इस्तेमाल आसान और सुरक्षित महसूस होगा। गूगल ने अभी इसकी पूरी तकनीकी जानकारी और लॉन्च टाइमलाइन साझा नहीं की है। कंपनी के अनुसार, इस नए फीचर से जुड़े बाकी अपडेट इस साल के आखिर में जारी किए जाएंगे।