गुजरात में अमेजन सीधे आपके घर पहुंचाएगा मुफ्त बोर्ड किताबें
गुजरात स्टेट बोर्ड ऑफ स्कूल टेक्स्टबुक्स ने अमेजन के साथ हाथ मिलाया है, जिससे अब पाठ्यपुस्तकें घर बैठे मंगवाना बेहद आसान हो जाएगा। इस नई साझेदारी का ऐलान गांधीनगर में शिक्षा मंत्री डॉक्टर प्रद्युम्न वाजा ने किया।
इस व्यवस्था के तहत छात्र और उनके माता-पिता बोर्ड की किताबें सीधे अमेजन से ऑर्डर कर पाएंगे। अच्छी बात यह है कि इन किताबों के लिए कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं देना होगा, बल्कि उनकी मुफ्त होम डिलीवरी की जाएगी।
साल भर में 1.5 करोड़ पाठ्यपुस्तकें
गुजरात के प्राइवेट और सेल्फ-फाइनेंस्ड स्कूलों में हर साल लगभग 1.5 करोड़ पाठ्यपुस्तकें बांटी जाती हैं। अब अमेजन इन किताबों के वितरण का जिम्मा संभालेगा, जिससे परिवारों को बुकस्टोर्स के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। किताबें सीधे उनके घर पर डिलीवर होंगी।
अमेजन इंडिया की बुक्स कैटेगरी लीडर राशि बहादुर ने बताया कि उनका मकसद छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सामग्री आसानी से और कम दाम में उपलब्ध कराना है। राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से छात्रों और उनके माता-पिता के लिए पाठ्यपुस्तकें पाना और भी सरल और तेज हो जाएगा।