Loading...
सरकार ने सौरभ दास के पासपोर्ट में किया विसंगतियों का खुलासा, जारी हुआ लुकआउट नाेटिस
CJP नेता सौरभ दास के खिलाफ जारी हुआ लुकआउट नोटिस

सरकार ने सौरभ दास के पासपोर्ट में किया विसंगतियों का खुलासा, जारी हुआ लुकआउट नाेटिस

Nov 26, 2026
12:19 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट को सूचित किया कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरभ दास के पासपोर्ट रिकॉर्ड में पाई गई अनियमितताओं को लेकर उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ब्रिटेन जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोके जाने के बाद दास ने इस यात्रा प्रतिबंध को हाई कोर्ट में चुनौती दी है। उसके बाद सरकार ने कोर्ट में अपने जवाब में यह खुलासा किया है।

जवाब

सरकार ने होई कोर्ट में दाखिल किया जवाब

केंद्र की ओर से पेश हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) चेतन शर्मा ने दिल्ली हाई कोर्ट जस्टिस अमित महाजन की पीठ को बताया कि दास की स्कूली शिक्षा, पते और माता-पिता की जानकारी से जुड़ी विसंगतियां उनकी भारतीय नागरिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर सकती हैं।

शर्मा ने बताया कि 20 अगस्त को पुडुचेरी के पुलिस अधीक्षक (SP) द्वारा की गई एक जांच में दास के पासपोर्ट रिकॉर्ड में कई विसंगतियां सामने आई थीं। उसके बाद सख्ती बढ़ाई गई थी।

नोटिस

दास को 23 नवंबर को जारी किया गया लुकआउट नोटिस

ASG शर्मा ने बताया कि पुडुचेरी पुलिस की जांच के बाद मुंबई पुलिस के अनुरोध पर 23 नवंबर को दास के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया।

केंद्र के अनुसार, दास ने अपने पासपोर्ट आवेदन में पिता के नाम का कॉलम खाली छोड़ा था।

इसके अलावा, कुछ दस्तावेजों में उनका पता दिल्ली दर्ज है, तो कुछ में पुडुचेरी। साथ ही 2019 में चेन्नई से जारी हुए उनके पासपोर्ट में जन्मस्थान चेन्नई लिखा है, जबकि उनका जन्म दिल्ली में हुआ था।

ADVERTISEMENT

दलील

ASG ने क्या दी दलील?

ASG शर्मा ने कहा, "पासपोर्ट में कई विसंगतियां हैं। 23 नवंबर की शाम 7:32 बजे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और 4 मिनट बाद शाम 7:36 बजे यात्रा न करने की एडवाइजरी दी गई। उन्हें जवाब देने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। मान लीजिए कि वह विदेश चले जाते हैं और जांच में ऐसी विसंगति पाई जाती है जो मामले की जड़ तक जाती है, तो उनकी नागरिकता पर भी असर पड़ सकता है।"

ADVERTISEMENT

विरोध

दास के वकील ने मांगी लुकआउट नोटिस की कॉपी

दास की ओर से पेश वरिष्ठ वकील अखिल सिब्बल ने कहा कि दास को हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद ही कारण बताओ नोटिस मिला और आव्रजन अधिकारियों ने बिना कोई आदेश दिखाए उन्हें विमान में चढ़ने से रोक दिया।

उन्होंने कहा कि किसी को तो बताना होगा कि लुकआउट नोटिस जारी हुआ है। किस अपराध के तहत और कब नोटिस जारी किया गया? सरकार को जवाब दाखिल करने दें, हमारे पास कुछ कानूनी उपाय तो उपलब्ध होने चाहिए।

अधिकार

विदेश यात्रा का अधिकार है एक मौलिक अधिकार

सिब्बल ने जोर दिया कि विदेश यात्रा का अधिकार एक मौलिक अधिकार है और पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 10A के तहत पासपोर्ट निलंबित करने का कोई आदेश दिए बिना केवल कारण बताओ नोटिस के आधार पर किसी को यात्रा से नहीं रोका जा सकता।

हालांकि, केंद्र सरकार ने लुकआउट नोटिस की कॉपी देने से इनकार करते हुए कहा कि अब याचिकाकर्ता को इसकी जानकारी है और वह इसे अलग से कानूनी चुनौती दे सकते हैं।

जानकारी

हाई कोर्ट ने केंद्र, गृह मंत्रालय और पुलिस से मांगा जवाब

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जस्टिस महाजन की पीठ ने केंद्र सरकार, केंद्रीय गृह मंत्रालय और पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 9 दिसंबर की तारीख तय की है।

पृष्ठभूमि

क्या है दास को विदेश जाने से रोकने का मामला?

गौरतलब है कि दास को 23-24 नवंबर की दरमियानी रात दिल्ली हवाई अड्डे के आव्रजन काउंटर पर लंदन जाने वाली उड़ान में चढ़ने से रोका गया था।

वह 24 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनियन, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एमनेस्टी सोसाइटी, एडिनबर्ग विश्वविद्यालय और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में कॉकरोच मूवमेंट और भारत में राजनीतिक आंदोलनों पर व्याख्यान देने जा रहे थे।

दास ने आरोप लगाया है कि उन्हें जानबूझकर उन्हें रोका गया है।

ADVERTISEMENT