राजधानी के प्रतिष्ठित दिल्ली जिमखाना क्लब पर बड़ा संकट, सरकार 27 एकड़ जमीन लेगी वापस
दिल्ली जिमखाना क्लब, जो राजधानी के पुराने क्लबों में से एक है, उसके लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। सरकार ने क्लब को लीज पर दी गई 27.3 एकड़ जमीन को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुक्रवार को भूमि एवं विकास कार्यालय ने एक नोटिस जारी किया। इसमें कहा गया है कि लीज समझौते में एक शर्त है, जिसके तहत सरकार जनहित में जरूरत पड़ने पर इस जमीन को वापस ले सकती है।
5 जून तक खाली करने का आखिरी आदेश
सरकार ने बताया है कि सफदरजंग रोड स्थित यह जमीन रक्षा संबंधी ढांचों को मजबूत करने और दूसरे सरकारी प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देने के लिए जरूरी है। नोटिस में इस इलाके की रणनीतिक अहमियत पर खास जोर दिया गया है। साथ ही इसे आसपास की सरकारी संपत्तियों के साथ मिलाने का सुझाव भी दिया गया है। इसमें रेस कोर्स रोड के वे हिस्से भी शामिल हैं, जहां से पहले ही झुग्गियों को हटाया जा चुका है। क्लब को 5 जून तक यह जगह खाली करने को कहा गया है। अगर ऐसा नहीं होता है, तो क्लब को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।