बेटिंग प्लेटफॉर्म्स ने पिछले 7 सालों में जुटाए 43,400 करोड़ रुपये, ED ने किया चौंकाने वाला खुलासा
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने हाल ही में एक बड़ा खुलासा किया है। ED का दावा है कि महादेव ऑनलाइन बुक (MOB), स्काई एक्सचेंज और लोटस 365 जैसे बेटिंग प्लेटफॉर्म्स ने पिछले 7 सालों में अवैध कमाई के जरिए 36,000 से 43,400 करोड़ रुपये जुटाए हैं। यह जांच 2022 में शुरू हुई थी और अब तक मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में 74 लोगों और संस्थाओं के खिलाफ 5 चार्जशीट दाखिल हो चुकी हैं।
ED ने फ्रीज की विकास गर्ग के 940.77 करोड़ की संपत्ति
जानकारी मिली है कि MOB देश भर में 2,000 से ज्यादा बेटिंग प्लेटफॉर्म चला रहा था। हर प्लेटफॉर्म हर महीने 30 से 40 लाख रुपये कमा रहा था और इसका ज्यादातर पैसा सीधे उनके हेड ऑफिस भेज दिया जाता था। ED ने 5 जून को दिल्ली के कारोबारी विकास गर्ग से जुड़ी 940.77 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज कर दी। सिर्फ स्काई एक्सचेंज और लोटस 365 ने ही अवैध दांव से हजारों करोड़ रुपये कमाए। जांच से यह भी सामने आया है कि शेल कंपनियों का एक बड़ा नेटवर्क था, जो पैसों को देश-विदेश में घुमा रहा था। इस सिंडिकेट के बड़े सदस्य अब गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं और वे इंटरपोल की रडार पर भी आ गए हैं।