दिल्ली सरकार ने 7 लाख लोगों को दिया बड़ा झटका, रद्द किए राशन कार्ड
दिल्ली सरकार ने 1.79 लाख से अधिक राशन कार्ड रद्द करने का फैसला लिया है। इसका सीधा मतलब यह है कि 7 लाख से भी ज्यादा लोगों को अब सस्ते अनाज का लाभ नहीं मिल पाएगा। सरकार का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सिर्फ असली हकदार परिवारों को ही यह सुविधा मिलती रहे। राशन कार्ड के पूरे डाटाबेस की गहराई से जांच-पड़ताल के बाद यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है।
ज्यादातर परिवारों की आय 6 लाख से ऊपर
रद्द किए गए कार्डों में से सबसे ज्यादा 1.44 लाख कार्ड ऐसे परिवारों के थे, जिनके एक या एक से अधिक सदस्यों की सालाना कमाई 6 लाख रुपये से अधिक थी। यह जानकारी टैक्स रिकॉर्ड्स की जांच से सामने आई है। इसके अलावा, 35,750 कार्ड शून्य की श्रेणी में रखे गए थे, क्योंकि एक साल से ज्यादा समय से इन कार्डों पर किसी ने भी राशन नहीं लिया था। वहीं, 25,378 लाभार्थियों के नाम हटाने का आदेश दिया गया, क्योंकि उनके नाम डुप्लीकेट पाए गए या आधार डाटा में उन्हें मृत दर्ज किया गया था।
सरकार ने नए राशन कार्ड के लिए आय सीमा 2.5 लाख रुपये तक बढ़ाई
निष्पक्षता बनाए रखने के लिए दिल्ली सरकार ने नए राशन कार्ड के आवेदन के लिए सालाना आय की सीमा को बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये कर दिया है। सरकार की योजना है कि साल 2026 में 2 लाख नए कार्ड जारी किए जाएं। फिलहाल, दिल्ली शहर में करीब 15.4 लाख राशन कार्ड सक्रिय हैं।