बोर्डिंग से रोकना ब्रिटिश एयरवेज को पड़ा भारी, यात्री को देने होंगे 1.7 लाख रुपये
शुभकर्मन सिंह बंगर को 1.7 लाख रुपये से ज्यादा की रकम लौटाने का आदेश ब्रिटिश एयरवेज को मिला है। दरअसल, बंगर को 20 अगस्त 2023 को दिल्ली एयरपोर्ट पर बोर्डिंग से रोक दिया गया था। एयरलाइन के स्टाफ ने गलती से उनसे UK वीजा मांग लिया, क्योंकि उन्हें लगा कि वह लंदन जा रहे हैं। जबकि उनकी टिकट पर साफ-साफ अमेरिका के मिनियापोलिस जाने की बात लिखी थी।
रिफंड, ब्याज और 25,000 रुपये का मुआवजा देने का आदेश
कमीशन ने साफ कहा कि एयरलाइन ने बंगर की टिकट और यात्रा कार्यक्रम की ठीक से जांच नहीं की। इसी लापरवाही के कारण उन्हें न सिर्फ पैसों का नुकसान हुआ, बल्कि मानसिक तनाव भी झेलना पड़ा।
यह बंगर की पहली अकेले की यात्रा थी। इसके साथ ही, कमीशन ने ब्रिटिश एयरवेज को निर्देश दिया है कि वह केवल टिकट के पैसे ही नहीं लौटाए, बल्कि उस पर 6 प्रतिशत सालाना ब्याज भी दे। इसके अलावा, बंगर के टैक्सी का खर्चा, मानसिक परेशानी और कानूनी खर्चों के लिए भी एयरलाइन को 25,000 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, इस मामले में एक ट्रैवल एजेंसी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन जांच के बाद कमीशन ने उसे खारिज कर दिया।