उत्तर प्रदेश में 'अभ्युदय' योजना ने संवारा 400 से अधिक छात्रों का भविष्य, जानिए कैसे
अगर आप संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग (UPPSC), JEE, NEET, NDA या CDS जैसी बड़ी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और महंगी कोचिंग के खर्च से परेशान हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। साल 2021 से मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना पूरे उत्तर प्रदेश के छात्रों को मुफ्त क्लासरूम और ऑनलाइन कोचिंग मुहैया करा रही है। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में करीब 2,000 शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों की मदद से यह योजना हर छात्र तक परीक्षा की तैयारी पहुंचाने का लक्ष्य रखती है, ताकि कोई भी अपनी आर्थिक पृष्ठभूमि की वजह से पीछे न छूटे।
400 से छात्रों का चयन
इस कार्यक्रम के जरिए अब तक 400 से ज्यादा छात्रों का चयन हुआ है। इनमें साल 2023 में UPSC परीक्षा में 23 और UPPSC में 30 छात्र सफल रहे। नया सत्र 1 जुलाई, 2026 को शुरू हो चुका है। अब सभी 75 जिलों में सिविल सेवा, JEE (मेन), NEET और NDA/CDS परीक्षाओं की तैयारी के लिए लेक्चर प्लान और टाइमटेबल छात्रों के लिए उपलब्ध करा दिए गए हैं। इस योजना का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि महंगी कोचिंग फीस की चिंता किए बिना हर छात्र को अपने सपनों का करियर बनाने का पूरा मौका मिले।