केंद्रीय कैबिनेट ने 'युगे युगीन' भारत राष्ट्रीय संग्रहालय के लिए 3,230 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी है। यह संग्रहालय मार्च 2031 तक नई दिल्ली के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में बनकर तैयार होगा। इस संग्रहालय को इस तरह से बनाया जा रहा है कि इसमें आप भारत के 10,000 साल पुराने इतिहास की झलक एक ही ऐतिहासिक छत के नीचे देख पाएंगे।
कांच के 'मयूर मंडप', सुरंग और फ्रांसीसी विशेषज्ञ
आपको संग्रहालय के प्रवेश द्वार पर कांच के बने बेहद खूबसूरत 'मयूर मंडप' देखने को मिलेंगे। इसके अलावा यहां दर्शकों के लिए और कलाकृतियों को सुरक्षित रखने के लिए भी खास जगहें बनाई जाएंगी। संग्रहालय में एक अंडरग्राउंड सुरंग भी बनेगी, जिससे कलाकृतियों को सुरक्षित तरीके से अंदर ही अंदर एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकेगा। साथ ही, सेंट्रल विस्टा के बड़े रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के हिस्से के तौर पर भारत अपनी धरोहरों को सहेजने के लिए फ्रांस के विशेषज्ञों के साथ मिलकर काम करेगा।