दिल्ली में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर फिर हुआ विरोध, कड़ी की गई सुरक्षा
दिल्ली में शुक्रवार को 'पीपल अगेंस्ट SIR' गठबंधन ने एक बड़ा विरोध मार्च निकाला। इन लोगों ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को तुरंत खत्म करने की मांग की है। यह विरोध मार्च बांग्ला साहिब गुरुद्वारे से शुरू होकर जंतर-मंतर की तरफ बढ़ रहा है।
दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा बढ़ाई गई
प्रदर्शन को देखते हुए कनॉट प्लेस, नेहरू प्लेस और इनके आस-पास के इलाकों में कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। अगर आप आज इन रास्तों से गुजरने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के ताजा अपडेट जरूर जांच लें।
इसके अलावा गृह मंत्रालय ने दिल्ली में 31 अक्टूबर तक के लिए अतिरिक्त सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। इसके लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 273 कंपनियां तैनात की गई हैं। राजनीतिक माहौल में बढ़ते तनाव और आगे भी ऐसे विरोध प्रदर्शनों की संभावना को देखते हुए, अधिकारी शांति व्यवस्था बनाए रखने पर पूरा ध्यान दे रहे हैं।