दिल्ली-NCR में जैश के संदिग्ध नेटवर्क का भंडाफोड़, एक आतंकी गिरफ्तार
क्या है खबर?
सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित तौर पर संबंध रखने वाले एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये संदिग्ध युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और आतंकी हमले करने के लिए उकसाने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल करता था। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल कई दिनों से कथित आतंकी की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
गिरफ्तारी
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को फंसा रहा था आरोपी
न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर 'उमर' नाम सक्रिय था।
अधिकारियों के अनुसार, वो व्हाट्सऐप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से कई युवाओं के संपर्क में था। आरोप है कि उसने उन्हें कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित किया और आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए उकसाया।
जांच में एक डिजिटल नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसका कथित तौर पर संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) समर्थित आतंकी समूह से है।
गुजरात
गुजरात में भी पकड़ाया जैश का संदिग्ध आतंकी
एक दिन पहले गुजरात की एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने वडोदरा से जैश से जुड़े मोहम्मद सहारुल इस्लाम को गिरफ्तार किया था।
ATS के मुताबिक, वह वडोदरा स्थित वायुसेना अड्डे पर हमले की तैयारी कर रहा था।
उसके पास से AK-47 जैसी ऑटोमैटिक राइफल, 2 मैगजीन, 23 कारतूस, 2 मोबाइल और नकदी बरामद हुई है।
आरोपी असम का रहने वाला है और ATS को बीते करीब 6 महीने से उसकी तलाश थी।