तेलंगाना: सेना के हथियार चोरी, दो और आरोपी पकड़े गए
तेलंगाना के सिकंदराबाद की मद्रास रेजिमेंट आर्मरी से पिछले दिनों हथियारों की चोरी हुई थी। इस मामले में तेलंगाना पुलिस ने अब दो और संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने जिन लोगों को पकड़ा है, उनके नाम विनोद और शेषू बताए जा रहे हैं। इस चोरी का खुलासा तब हुआ था जब 11 सितंबर को मुख्य आरोपी और रिटायर्ड हवलदार उप्पुथोल्ला मल्लेश को गिरफ्तार किया गया। उन पर 31 अगस्त को यह हथियार चुराने का आरोप है।
उप्पुथोल्ला मल्लेश के घरों से हथियार बरामद
सूत्रों के मुताबिक, मुख्य आरोपी मल्लेश को अनुशासनात्मक कार्रवाई के चलते जबरदस्ती रिटायर कर दिया गया था, जिससे वह नाराज था। इसी नाराजगी में उसने यह कदम उठाया।
पुलिस को उनके कोवूर गांव और जंगा रेड्डी पल्ली स्थित घरों से चुराई गई राइफलें और गोला-बारूद मिले हैं।
जांच टीम अब मल्लेश और विनोद के बीच हुए पैसों के लेन-देन की पड़ताल कर रही है। वे यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इस चोरी में कोई और भी शामिल था।