तेलंगाना में जमीन या मकान खरीदने वालों को झटका, 2026 से चुकाने होंगे भारी दाम
तेलंगाना सरकार ने जमीन और मकान के रजिस्ट्रेशन की दरें बढ़ा दी हैं, जो 5 जून, 2026 से पूरे राज्य के 144 सब-रजिस्ट्रार ऑफिसों में लागू होंगी। नई दरें खेती की जमीन से लेकर शहर के फ्लैट तक, सभी तरह की प्रॉपर्टी पर लागू होंगी। सरकार का मकसद है कि इससे प्रॉपर्टी के सरकारी दाम और बाजार में उसकी असल कीमत के बीच का अंतर कम किया जा सके। ऐसे में, अगर आप जल्द ही कोई जमीन या फ्लैट खरीदने की सोच रहे हैं, तो अब आपको ज्यादा पैसे चुकाने पड़ सकते हैं।
हैदराबाद के हॉटस्पॉट और खेती की जमीन की कीमतों में बढ़ोतरी
शहरी इलाकों में कोकापेट, रायदुर्गम और ननकरामगुडा जैसे हॉटस्पॉट में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिली है। कुछ भूखंडों के दाम तो दोगुने हो गए हैं। खेती की जमीन की न्यूनतम कीमत भी 1.75 लाख रुपये प्रति एकड़ से बढ़कर 2.75 लाख रुपये तक पहुंच गई है। हैदराबाद के आउटर रिंग रोड और मुख्य रास्तों के किनारे वाले इलाकों में भी जमीन महंगी हुई है। यहां अपार्टमेंट के दामों में 10 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है।