सेना के शस्त्रागार से हथियार चोरी, 10 दिन में पकड़ा गया आरोपी
सिकंदराबाद में मद्रास रेजिमेंट के शस्त्रागार से हथियारों की एक बड़ी चोरी को महज 10 दिन में सुलझा लिया गया है। तेलंगाना काउंटर इंटेलिजेंस, हैदराबाद टास्क फोर्स और मलकाजगिरी पुलिस के तेज टीम वर्क की वजह से यह संभव हो पाया है। यह चोरी 31 अगस्त को सामने आई, जब मद्रास रेजिमेंट के एक लेफ्टिनेंट कर्नल ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू हुई।
अंदरूनी व्यक्ति को हिरासत में लिया
चोर 4 AK-203 राइफलें, एक इनसास राइफलें, 7 पिस्तौलें और नाइट विजन गियर के साथ लगभग 2,000 राउंड गोला-बारूद लेकर भाग निकले थे। जांच में पता चला कि यह किसी अंदरूनी व्यक्ति की साजिश थी, क्योंकि CCTV कैमरों से छेड़छाड़ हुई थी और रात के गार्ड भी पूरी तरह सतर्क नहीं थे। रेजिमेंट से जुड़े करीब 10 लोगों से पूछताछ के बाद अधिकारियों ने एक अंदरूनी व्यक्ति को हिरासत में लिया है। चोरी किए गए हथियारों को बेचने के लिए ट्रांसपोर्ट रूट और ब्लैक मार्केट से जुड़े संभावित संपर्कों की तलाश अब भी जारी है।