तमिलनाडु में 38 लाख बुजुर्गों को कैंसर का इलाज से लेकर ट्रांसप्लांट तक होगा मुफ्त
तमिलनाडु सरकार 'मुख्यमंत्री वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य बीमा योजना' शुरू करने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री केजी अरुणराज ने बताया कि इस योजना के तहत 70 साल और उससे अधिक उम्र के 38 लाख लोगों को मुफ्त हेल्थ कवरेज मिलेगा। अब बुजुर्गों को बिना किसी आय की सीमा के, सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में कई तरह की बीमारियों का निशुल्क इलाज मिल सकेगा।
कैंसर, हार्ट सर्जरी और ट्रांसप्लांट का मुफ्त इलाज
इस योजना में कैंसर का इलाज, हार्ट सर्जरी, अंग प्रत्यारोपण और एडवांस्ड टेस्ट जैसी बड़ी बीमारियों का खर्च भी शामिल होगा। यह योजना राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलावों का हिस्सा है। इसी कड़ी में, राज्य सरकार हर साल 30 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों के लिए सरकारी क्लीनिकों में मुफ्त हेल्थ चेक-अप भी शुरू करेगी।
इसके अलावा, हजारों नए डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ की भर्ती भी की जाएगी। 'TN मेडिसिटी' नाम से एक नया हाई-टेक मेडिकल हब भी बनाया जाएगा। साथ ही, स्वास्थ्य संबंधी कानूनों को आधुनिक बनाने के लिए एक नया पब्लिक हेल्थ एक्ट भी लाया जा रहा है।