मुख्यमंत्री विजय ने खुद परोसा पोंगल, 15 लाख छात्रों की भूख मिटाई
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने पेरुंथलिवर कामराजर नाश्ता योजना का दायरा बढ़ाया है। अब इस योजना में छठी से 8वीं कक्षा के छात्र भी शामिल हो गए हैं, जिससे 15,454 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के करीब 15.30 लाख अतिरिक्त छात्रों को सुबह का नाश्ता मिलेगा। इस योजना की शुरुआत भी खास अंदाज में हुई। मुख्यमंत्री विजय ने चेन्नई के एक स्कूल में बच्चों को अपने हाथों से मीठा पोंगल परोसा और उनके साथ बैठकर नाश्ता किया। इस मौके की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किए गए।
तमिलनाडु के नाश्ता कार्यक्रम को 217.63 करोड़ का अतिरिक्त बजट
यह नाश्ता कार्यक्रम अब मिडिल स्कूल के छात्रों तक भी पहुंच गया है। इस साल के लिए योजना में 217.63 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट जोड़ा गया है, जिससे इसका कुल बजट 724 करोड़ हो गया है। छात्रों को नाश्ते में उपमा, खिचड़ी और पोंगल जैसे व्यंजन मिलेंगे। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के स्कूलों में स्वयं सहायता समूह भोजन तैयार करने का काम संभालेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी छात्र खाली पेट स्कूल न आए।