
स्वच्छता सर्वेक्षण: इंदौर लगातार सातवें साल सबसे साफ शहर, सूरत बराबर पहुंचा; जानिए राज्यों की स्थिति
क्या है खबर?
केंद्र सरकार की ओर से कराए जाने वाले स्वच्छ्ता सर्वेक्षण में हर साल की तरह इस बार भी मध्य प्रदेश के इंदौर ने बाजी मारी है। इसके साथ गुजरात के सूरत को भी संयुक्त रूप से पहला स्थान मिला है।
गुरुवार को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में स्वच्छता सर्वेक्षण, 2023 के परिणाम घोषित किए गए। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेताओं को पुरस्कार दिए।
बता दें कि इंदौर ने सातवीं बार यह खिताब जीता है।
साफ शहर
नवी मुंबई को मिला तीसरा स्थान
1 लाख से अधिक आबादी वाले सबसे साफ शहरों की सूची में तीसरे नंबर पर महाराष्ट्र का नवी मुंबई रहा। चौथा स्थान आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम ने पाया, जबकि पांचवां स्थान मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के नाम रहा।
1 लाख से कम आबादी वाले शहरों में महाराष्ट्र के सासवड को पहला स्थान, जबकि छत्तीसगढ़ के पाटन को दूसरा और महाराष्ट्र के लोनावला को तीसरा स्थान मिला।
कार्यक्रम में केंद्रीय आवास और शहरी मंत्री हरदीप पुरी भी उपस्थित रहे।
स्वच्छता
कौन बना सबसे साफ राज्य?
देश के सबसे स्वच्छ राज्यों की सूची में इस बार महाराष्ट्र को पहला स्थान मिला है। दूसरा स्थान मध्य प्रदेश को मिला है और तीसरा स्थान छत्तीसगढ़ को मिला है।
2022 में राजस्थान और महाराष्ट्र को पीछे कर मध्य प्रदेश सबसे साफ राज्य बना था। इस बार बाजी महाराष्ट्र के हाथ लगी।
इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण कुल 9,500 अंक का हुआ था, जिसमें सर्विस लेवल प्रोग्रेस पर 4,525, सर्टिफिकेशन पर 2,500 और लोगों की राय पर 2,475 नंबर दिए गए।