10 दिन में पैकेज्ड फूड पर दिखेंगे चीनी-नमक-फैट के रेड अलर्ट, सुप्रीम कोर्ट ने दिया आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया है कि वह अगले 10 दिनों के भीतर पैकेज्ड फूड पर चेतावनी लेबल लगाने की समय-सीमा तय करे। इन लेबल का मकसद लोगों को यह बताना है कि पैकेज्ड उत्पादों में कितनी अधिक चीनी, नमक या सैचुरेटेड फैट मौजूद है। अगर किसी प्रोडक्ट में इन तीनों में से कम से कम दो चीजों की मात्रा तय सीमा से ज्यादा पाई जाती है, तो उस पर चेतावनी लगाना जरूरी होगा।
FSSAI ने चेतावनी लेबल का प्रस्ताव रखा
FSSAI यानी भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण इन चेतावनियों को 2 चरणों में लाना चाहता है। पहले चरण में जिन उत्पादों में चीनी, नमक या सैचुरेटेड फैट में से 2 चीजों की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिलेगी, तो उन पर एक लाल रंग का षट्कोण यानी छह किनारों वाला चेतावनी निशान लगाया जाएगा। बाद के चरण में नियम और कड़े हो सकते हैं। अदालत ने इस मामले पर जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया है, लेकिन खाद्य और पेय उद्योग को यह बात कुछ खास पसंद नहीं आ रही है।