फीफा विश्व कप के फाइनल में नहीं कटेगी बिजली! केरलम सरकार ने तैयार किया 850 करोड़ का मास्टरप्लान
केरल के बिजली मंत्री सनी जोसेफ ने राज्यभर में बिना किसी रुकावट के बिजली सप्लाई का भरोसा दिया है। यह भरोसा 20 जुलाई को रात साढ़े 12 बजे होने वाले अर्जेंटीना और स्पेन के बीच फीफा विश्व कप फाइनल को ध्यान में रखते हुए दिया गया है। उन्होंने केरल राज्य विद्युत बोर्ड (KSEB) को साफ निर्देश दिए हैं कि मैच के दौरान बिजली की सप्लाई बिल्कुल भी न रुके, ताकि फुटबॉल प्रेमी बिना किसी दिक्कत के मैच का लुत्फ उठा सकें।
केरल ने 850 करोड़ रुपये की बिजली योजना मंजूर की
केरल पिछले कुछ समय से बिजली संकट से जूझ रहा है। कम बारिश और बढ़ते तापमान के कारण बिजली की मांग भी काफी बढ़ गई है। मंत्री जोसेफ ने जानकारी दी कि पिछली सरकार ने जो लंबे समय के लिए बिजली खरीद का समझौता रद्द कर दिया था, उसकी वजह से पीक आवर्स (अधिक मांग वाले घंटों) में परेशानी और बढ़ गई थी। इस स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार अभी बाजार से अतिरिक्त बिजली खरीद रही है। इसी क्रम में हाल ही में 850 करोड़ रुपये की एक योजना को मंजूरी मिली है, जिससे 200 मेगावाट की 24 घंटे उपलब्ध रहने वाली बिजली जोड़ी जाएगी।