ओडिशा में बाढ़ की चपेट में आए सुनंदा ने 5 दिन तक दी मौत को मात, जानिए कैसे बची जिंदगी
ओडिशा के भद्रक जिले के 35 साल के सुनंदा बेहरा ने बाढ़ के पानी में पांच दिन तक मौत को मात दी। वे बाढ़ के तेज बहाव में बह गए थे और एक डूबे हुए ताड़ के पेड़ को कसकर पकड़े रहे। 5 दिनों तक उनका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें पानी से घिरे खेतों में उसी पेड़ से चिपके हुए देखा।
ओड्राफ ने सुनंदा बेहरा को बचाया
गांव वालों ने तुरंत ओडिशा आपदा प्रतिक्रिया बल (ODRAF) को खबर दी। ODRAF की टीम ने सुनंदा को सुरक्षित बाहर निकाला और फौरन अस्पताल पहुंचाया। वे बहुत कमजोर थे, लेकिन जिंदगी की जंग जीत गए थे। विशेषज्ञों का कहना है कि सुनंदा की कहानी दिखाती है कि कैसे मुश्किल हालात में हमारा शरीर खुद को बचाने के लिए 'सर्वाइवल मोड' में आ जाता है। इस मोड में शरीर अपनी जमा हुई ऊर्जा का इस्तेमाल करता है और कैलोरी बचाता है, ताकि विपरीत परिस्थितियों में भी व्यक्ति जिंदा रह सके, भले ही हालात कितने भी नामुमकिन लगें।