स्टडी में दावा- 50 साल से ज्यादा उम्र के अधिकतर भारतीयों के पास पर्याप्त स्वास्थ्य बीमा नहीं
कवरश्योर की एक नई स्टडी में सामने आया है कि 50 साल से ज्यादा उम्र के ज्यादातर भारतीयों के पास पर्याप्त स्वास्थ्य बीमा नहीं है। उनकी कवरेज अक्सर 5 लाख रुपये से कम होती है, जो आज के अस्पताल के खर्चों के लिए काफी नहीं है। यहां तक कि डायबिटीज या हाइपरटेंशन जैसी पुरानी बीमारियों से जूझ रहे 17 प्रतिशत लोगों के पास भी कम कवरेज है। इससे अगर कोई बड़ा मेडिकल खर्च सामने आता है, तो उन्हें परेशानी हो सकती है।
पुरानी बीमारियों की वजह से अपग्रेड करना मुश्किल
रिपोर्ट से साफ होता है कि किसी बड़े शहर में एक बार अस्पताल में भर्ती होने का खर्च भी इन लिमिट्स को आसानी से पार कर सकता है। कई बुजुर्ग पॉलिसीहोल्डर्स को अपनी पुरानी स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से अपने प्लान्स अपग्रेड करने में भी मुश्किल आती है। ऐसे 63 प्रतिशत लोग जो अपना प्लान बदलना चाहते थे, वे ऐसा नहीं कर पाए। दूसरी ओर, युवा लोग इस मामले में ज्यादा जागरूक नजर आते हैं। अपनी पॉलिसी की जांच करवाने वालों में से करीब 41 प्रतिशत की उम्र 30 से 40 साल के बीच है। यह दर्शाता है कि वे अपनी कवरेज को लेकर ज्यादा सक्रिय हैं।