मई में रोहतांग में बर्फबारी! हिमाचल में मौसम का यू-टर्न, यलो अलर्ट जारी
इस हफ्ते हिमाचल प्रदेश में मौसम ने गर्मी से राहत भरी ठंडक पहुंचाई। शुक्रवार को पूरे राज्य में तूफान, बारिश और तेज हवाओं का दौर चला। कुल्लू जिले के रोहतांग पास पर बर्फबारी हुई, जिससे सैलानियों के चेहरे खिल उठे। इन गतिविधियों को देखते हुए, मौसम विभाग ने शनिवार को कई जिलों के लिए तूफान और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया है।
ओलों से फसलों के नुकसान की डर से बागवान परेशान
कलपा, भुंतर और मनाली जैसे इलाकों में कहीं 10 मिलीमीटर तो कहीं 13 मिलीमीटर से भी ज्यादा बारिश दर्ज की गई। शिमला में आए तूफान ने असामान्य रूप से 30.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचे तापमान को घटाकर काफी आरामदायक बना दिया। कुल्लू-मनाली के होटलों और पर्यटन के लिए यह बर्फबारी अच्छी खबर लाई है, लेकिन बागवानों को ओलों से फसलों के नुकसान की चिंता सता रही है।
हिमाचल का पूर्वानुमान: कुछ जगहों पर बारिश या बर्फबारी
मौसम विभाग के मुताबिक 24 और 25 मई को कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इस हफ्ते दिन का तापमान 2 से 4 डिग्री और रात का तापमान 3 से 6 डिग्री तक गिर सकता है।