श्रीनगर हवाई अड्डे ने रद्द की 2026 रनवे बंदी की योजना, अब रात में होगा काम
श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने 2026 में पूरे रनवे को बंद करने की अपनी योजना को अब रद्द कर दिया है। हवाई अड्डा प्रशासन ने फैसला लिया है कि दिन में (सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक) उड़ानें पहले की तरह चलती रहेंगी। रनवे को सिर्फ रात में ही सामान्य रख-रखाव के लिए बंद रखा जाएगा और यह सिलसिला अक्टूबर 2026 तक चलेगा। हवाई अड्डे ने पहले से तय सोमवार और मंगलवार को रनवे बंद रखने का फैसला भी वापस ले लिया है और अक्टूबर में होने वाली 2 हफ्ते की बंदी को भी टाल दिया है।
मुख्यमंत्री उमर और पर्यटन समूहों ने किया था विरोध
यह फैसला ऐसे समय आया है जब कश्मीर में पर्यटन के व्यस्त सीजन, खासकर अक्टूबर में हवाई अड्डे को बंद करने पर मुख्यमंत्री उमर अबदुल्ला और दूसरे नेताओं ने चिंता जताई थी। पर्यटन से जुड़े समूहों को भी डर था कि इन बंदियों से स्थानीय कारोबार को बड़ा नुकसान होगा। उमन ने तो यहां तक सुझाव दिया था कि अवंतीपोरा एयरफील्ड को एक वैकल्पिक हवाई अड्डे के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। अब हवाई अड्डा प्रशासन का कहना है कि उनकी प्राथमिकता यात्रियों को बेहतर सुविधा देना है। हालांकि, अगर आप जल्द ही यात्रा करने वाले हैं, तो अपनी उड़ान का समय एक बार जरूर जांच लें।