किश्तवाड़ में 2 SPO की संदिग्ध मौत, पाकिस्तान निर्मित कारतूस ने गहराया आतंकी संबंध का शक
लेखन आबिद खान
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से 2 विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) लापता हो गए थे। अब उनके शव बरामद किए गए हैं। ये दोनों SPO एक आर्मी पोस्ट की तरफ जा रहे थे, तभी वे रास्ते में गुमशुदा हो गए थे।
उनकी तलाश एक दूरदराज के पहाड़ी इलाके में जाकर पूरी हुई। इस मामले में अब तक 6 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।
राइफलें गायब, पाकिस्तान निर्मित कारतूस मिले
दोनों अधिकारियों के शवों को घर तक लाना कोई आसान काम नहीं था। शवों को लाने के लिए 15 किलोमीटर का मुश्किल रास्ता पैदल चलकर उबड़-खाबड़ पहाड़ों से गुजरना पड़ा।
जांच में सामने आया है कि दोनों SPO की सर्विस राइफलें गायब थीं। मौके से पाकिस्तान निर्मित आर्मर-पीयर्सिंग स्टील-कोर गोला-बारूद के खाली कारतूस भी मिले हैं। इससे शक गहरा गया है कि कहीं इसके पीछे उग्रवादियों का हाथ तो नहीं।