भुवनेश्वर: नशे में मर्सिडीज ने छीना परिवार का सहारा, आरोपी चालक पर गैर-इरादतन हत्या का आरोप
भुवनेश्वर में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे के बाद 20 साल के कानून के छात्र सौम्या रंजन रथ को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, सौम्या नशे में था और उसने अपनी मर्सिडीज कार से एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में 37 साल के एसी मिस्त्री देबब्रत राउत्रय की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। हादसे के वक्त कार में सौम्या रंजन के साथ एक नाबालिग लड़की भी बैठी थी।
सौम्या रंजन पर गैर-इरादतन हत्या के आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सौम्या रंजन और नाबालिग लड़की को पकड़ लिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें भीड़ के गुस्से से बचाया। बाद में किए गए ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट में पता चला कि सौम्या के खून में शराब की मात्रा कानूनी सीमा से चार गुना ज्यादा थी। उस पर लापरवाही से गाड़ी चलाने और गैर-इरादतन हत्या जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उधर, मृतक देबब्रत राउत्रय के परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।